नंदा देवी डोला विसर्जन को लेकर भवाली में ट्रैफिक डायवर्जन लागू
भवाली। मां नंदा देवी महोत्सव के डोला विसर्जन और झांकी को लेकर 23 सितंबर को भवाली में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए भवाली बाजार में भारी और यात्री वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है।
रामगढ़ और घोड़ाखाल की ओर से मैदानी क्षेत्रों अथवा नैनीताल जाने वाले वाहनों को आवश्यकतानुसार श्यामखेत से डायवर्ट कर घोड़ाखाल मंदिर, घोड़ाखाल तिराहा और नैनीबैंड प्रथम होते हुए भेजा जाएगा। वहीं खैरना-कैंची की ओर से आने वाले वाहनों को शिप्रा पुल से सैनेटोरियम बाईपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
नैनीताल-ज्योलीकोट की ओर से अल्मोड़ा, रानीखेत अथवा कैंची धाम जाने वाले वाहनों को नैनीबैंड द्वितीय से सैनेटोरियम बाईपास होते हुए शिप्रा पुल की ओर भेजा जाएगा। भीमताल की ओर से आने वाले वाहनों को भी नैनीबैंड प्रथम से सैनेटोरियम बाईपास के रास्ते शिप्रा पुल की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात व्यवस्था के दौरान एंबुलेंस, अग्निशमन, पुलिस, आपदा राहत एवं बचाव दल तथा दूध, खाद्य सामग्री जैसी आवश्यक सेवाओं के वाहनों के लिए सुरक्षित कॉरिडोर उपलब्ध रहेगा। यातायात के अत्यधिक दबाव की स्थिति में मार्गों को चरणबद्ध तरीके से रोका या डायवर्ट किया जा सकता है।
वाहन चालकों को नगरपालिका मैदान और रोडवेज पार्किंग में वाहन खड़े करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य बाजार और आयोजन स्थल के आसपास सड़क किनारे पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। डायवर्जन प्वाइंटों, तिराहों-चौराहों, आयोजन स्थल और पार्किंग स्थलों पर पुलिस व यातायात कर्मियों की तैनाती की गई है।
23 सितंबर को भीड़ और यातायात की वास्तविक स्थिति के अनुसार डायवर्जन व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किया जा सकता है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

