नैनीताल जिले में एलपीजी की कोई कमी नहीं, कालाबाजारी रोकने को सख्त चेकिंग के निर्देश
घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की शिकायतों को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को तहसील परिसर स्थित एनआईसी कक्ष हल्द्वानी में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में एलपीजी गैस की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है। गैस कंपनियों द्वारा मांग के अनुरूप गैस की नियमित आपूर्ति की जा रही है।
उन्होंने आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के गैस वितरकों व एरिया प्रबंधकों के साथ ही नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी हल्द्वानी और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियान चलाकर कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गैस का वितरण बुकिंग के बाद डीएससी कोड नंबर और ओटीपी के आधार पर ही किया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि उपभोक्ताओं को 25 दिन के बाद ही अगला सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए और कोई भी उपभोक्ता गैस सिलेंडरों का अनावश्यक स्टॉक न करे।
उन्होंने घटतौली और अवैध रिफिलिंग पर विशेष नजर रखते हुए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी गैस गोदामों में स्टॉक का नियमित निरीक्षण और मिलान कराने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। गैस कंपनियां मांग के अनुसार घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध करा रही हैं।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी एपी बाजपेई, केएमवीएन के महाप्रबंधक विजय नाथ शुक्ल, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक तथा विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

