मर्म चिकित्सा भविष्य की चिकित्सा पद्धति: प्रो. डॉ. सुनील कुमार जोशी
हरिद्वार। गेंडीखाता स्थित नंदीपुरम में मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय मर्म विज्ञान एवं मर्म चिकित्सा प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। पांच दिवसीय इस शिविर में देश-विदेश से पहुंचे करीब 48 प्रतिभागी मर्म चिकित्सा की उन्नत तकनीकों, सिद्धांतों और व्यावहारिक प्रयोगों का प्रशिक्षण ले रहे हैं। शिविर में विभिन्न रोगों के उपचार में मर्म चिकित्सा और योग की भूमिका पर विशेषज्ञ जानकारी दे रहे हैं।
कार्यक्रम में पूर्व राजदूत सीएम भंडारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। डॉ. जगदीश भंडारी, डॉ. एके सिंह, डॉ. निधि शुक्ला और स्वामी अनंतानंद विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं मर्म चिकित्सा विशेषज्ञ प्रो. डॉ. सुनील कुमार जोशी ने कहा कि मर्म चिकित्सा भविष्य की चिकित्सा पद्धति है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष शिविर में प्रतिभागियों को एडवांस लेवल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे मर्म चिकित्सा के गहन ज्ञान के साथ उसके व्यावहारिक प्रयोगों को भी समझ सकें।
डॉ. जोशी ने कहा कि जिस प्रकार शिक्षा और सूचना का अधिकार महत्वपूर्ण है, उसी प्रकार प्रत्येक व्यक्ति को स्वास्थ्य का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने प्रतिभागियों से मर्म चिकित्सा के ज्ञान को समाज के हर वर्ग तक सरल और सहज रूप में पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी के लिए स्वास्थ्य की परिकल्पना को साकार करने में मर्म चिकित्सा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
मुख्य अतिथि पूर्व राजदूत सीएम भंडारी ने कहा कि पश्चिमी देशों में मर्म चिकित्सा और योग के प्रति लोगों की रुचि बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि मृत्युंजय मिशन के संस्थापक डॉ. सुनील कुमार जोशी के सहयोग से विश्वविद्यालयों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से विभिन्न देशों में मर्म चिकित्सा और योग का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
शिविर में फ्रांस और अमेरिका सहित भारत के विभिन्न क्षेत्रों से चिकित्सक एवं प्रतिभागी पहुंचे हैं। गुजरात, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, मैसूर और दिल्ली समेत कई स्थानों से आए प्रतिभागी पांच दिनों तक मर्म चिकित्सा के उन्नत सिद्धांतों, तकनीकों और चिकित्सकीय उपयोगों का अध्ययन करेंगे। आयोजन का उद्देश्य भारतीय पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान के प्रशिक्षण, वैज्ञानिक अध्ययन और व्यावहारिक उपयोग को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर मयंक जोशी, योगेश पांडे, प्रकाश जोशी, दिनेश, शत्रुघ्न डबराल, डॉ. बिपिन चंद्र, मुस्कान सामाजिक उत्थान समिति पिथौरागढ़ के सचिव जगदीश कलौनी, चंद्रकांत शर्मा, विवेक चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मर्म चिकित्सा के दावों को संतुलित करें
इंग्लिश शब्दों को हिंदी करें
खबर का लीड अधिक प्रभावी बनाएं
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



