त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश, सीसीटीवी और अग्निशमन इंतजामों पर जोर
आईजी कुमाऊं ने हितधारकों के साथ की बैठक, शिकायतों पर एक सप्ताह में कार्रवाई के निर्देश
रुद्रपुर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती की अध्यक्षता में ऊधम सिंह नगर में हितधारकों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें यातायात व्यवस्था, बाजारों में अतिक्रमण, अग्नि सुरक्षा, प्रतिष्ठानों की सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। आईजी ने संबंधित विभागों और संस्थानों को सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बैठक में प्राप्त शिकायतों और सुझावों पर एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई कर अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने को कहा।
गोष्ठी में उद्योगपतियों, परिवहन संचालकों, व्यापार मंडल प्रतिनिधियों, बैंक प्रबंधकों, स्कूल एसोसिएशन, ज्वेलर्स और अन्य संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। आईजी ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ने के मद्देनजर यातायात व्यवस्था सुचारू रखना और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करना जरूरी है।
बाजारों में अतिक्रमण न करने की अपील
आईजी ने व्यापारियों से दुकानों का सामान निर्धारित परिसर में ही रखने और सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाजारों में आमजन की आवाजाही और यातायात बाधित नहीं होना चाहिए। व्यापारिक प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और खराब कैमरों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश भी दिए गए।
पटाखों की बिक्री में नियमों का पालन जरूरी
दीपावली के मद्देनजर पटाखों की बिक्री केवल निर्धारित स्थलों पर वैध लाइसेंस के साथ करने के निर्देश दिए गए। पटाखों के गोदामों और बिक्री केंद्रों पर अग्निशमन विभाग के सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। अग्निशमन उपकरणों को कार्यशील रखने और सीसीटीवी से निगरानी करने पर भी जोर दिया गया, ताकि आगजनी और अन्य दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
स्कूलों और ज्वेलरी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पर जोर
स्कूल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपेक्षा की गई। स्कूल बसों की फिटनेस, सुरक्षा मानकों और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, ज्वेलर्स से प्रतिष्ठानों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने को कहा गया। आभूषण दिखाते समय सतर्कता बरतने और जरूरत के अनुसार एक-एक करके आभूषण प्रदर्शित करने की सलाह भी दी गई।
बैंकों और औद्योगिक इकाइयों को भी निर्देश
बैठक में बैंक प्रबंधकों से एमआरएम पोर्टल के माध्यम से फ्रीज की गई धनराशि वापस कराने से संबंधित आवेदनों पर निर्धारित ऑनलाइन प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी करने को कहा गया। इसके लिए पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया। वहीं, सिडकुल की औद्योगिक इकाइयों में सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन उपकरण स्थापित करने तथा उन्हें कार्यशील रखने के निर्देश दिए गए। मालवाहक वाहनों का संचालन निर्धारित समय और यातायात नियमों के अनुरूप करने की अपील भी की गई।
एक सप्ताह में कार्रवाई के निर्देश
आईजी निवेदिता कुकरेती ने हितधारकों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित शिकायतों और सुझावों पर एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई कर अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने को कहा।
पुलिस ने व्यापारियों, उद्योगपतियों, परिवहन संचालकों, शैक्षणिक संस्थानों, बैंक प्रबंधकों और आमजन से त्योहारों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
गोष्ठी में एसएसपी अजय गणपति, क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर, काशीपुर और सितारगंज, मुख्य अग्निशमन अधिकारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



