भीमताल के विद्यार्थियों ने किया ताज कॉर्बेट रिसॉर्ट का शैक्षणिक भ्रमण

ख़बर शेयर करें

बी.वॉक मैनेजमेंट के विद्यार्थियों ने किया ताज कॉर्बेट रिसॉर्ट का शैक्षणिक भ्रमण

होटल प्रबंधन और अतिथि सत्कार की व्यावहारिक बारीकियों से रूबरू हुए विद्यार्थी

भीमताल। कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कम्युनिटी कॉलेज, भीमताल के बी.वॉक हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट के विद्यार्थियों ने मंगलवार को रामनगर स्थित ताज कॉर्बेट रिसॉर्ट एंड स्पा का शैक्षणिक औद्योगिक भ्रमण किया। प्राचार्य के निर्देशानुसार आयोजित इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को होटल उद्योग की कार्यप्रणाली और आतिथ्य सेवाओं की व्यावहारिक जानकारी देना था।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने रिसॉर्ट के विभिन्न विभागों का अवलोकन कर होटल संचालन, अतिथि सत्कार, खाद्य एवं पेय सेवा और प्रबंधन प्रणालियों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही होटल उद्योग में अपनाए जाने वाले व्यावसायिक मानकों, सेवा प्रक्रियाओं और विभागीय समन्वय को भी समझा।

इस दौरान विद्यार्थियों को होटल के मानव संसाधन (एचआर) विभाग और खाद्य एवं पेय (एफएंडबी) विभाग के अधिकारियों से संवाद करने का अवसर मिला। एचआर मैनेजर रंजना बिष्ट, एचआर असिस्टेंट अजय और एफएंडबी मैनेजर ईश्वर नेगी ने विद्यार्थियों को संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली की जानकारी देने में सहयोग किया।

कम्युनिटी कॉलेज की ओर से इस शैक्षणिक भ्रमण में राकेश तिवारी, पूनम चंद्रा और मनोज पलड़िया शामिल रहे।

कॉलेज के इस प्रयास से विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक होटल संचालन से जोड़ने का अवसर मिला। भ्रमण को विद्यार्थियों के व्यावसायिक कौशल, प्रबंधन क्षमता और आतिथ्य उद्योग में भविष्य की संभावनाओं को समझने की दिशा में उपयोगी बताया गया।

Join WhatsApp Group
Ad

You cannot copy content of this page