त्योहारों और विधानसभा सत्र को लेकर एसएसपी सख्त, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

ख़बर शेयर करें


त्योहारों और विधानसभा सत्र को लेकर एसएसपी सख्त, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
नैनीताल पुलिस की अपराध समीक्षा बैठक में थाना-चौकी प्रभारियों को निर्देश, जुआ-सट्टे और नशा तस्करी पर कसेंगे शिकंजा
हल्द्वानी। धनतेरस, दीपावली, भैया दूज और आगामी विधानसभा सत्र को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। मंगलवार को एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कोतवाली हल्द्वानी में अपराध समीक्षा बैठक कर सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना-चौकी प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में बाजारों, पटाखा बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, नियमित गश्त और पिकेट ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विधानसभा सत्र के मद्देनजर होटल-रेस्टोरेंट की जांच, संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन और सघन चेकिंग अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
जुआ-सट्टे और नशा तस्करी पर होगी कार्रवाई
एसएसपी ने जुआ-सट्टे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ दबिश देकर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नशा तस्करी और अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ ही तस्करों की अवैध संपत्तियों की जांच तथा नियमानुसार गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने को कहा। आदतन अपराधियों और अराजक तत्वों को चिह्नित कर समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।
यातायात और अग्नि सुरक्षा पर विशेष जोर
त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और तेज व लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया। पटाखा बाजारों में अग्निशमन वाहनों और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। हल्द्वानी की ठंडी सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ अभियान चलाने को कहा गया।
लंबित मामलों पर जताई नाराजगी
एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण जांच, साक्ष्य संकलन और मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल अपराधों पर त्वरित कार्रवाई, साइबर ठगी की शिकायतों पर संज्ञान और पीड़ितों की धनराशि वापस कराने के लिए प्रभावी प्रयास करने को भी कहा। थानों में लंबित माल मुकदमाती वाहनों और अन्य माल का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
36 पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित
बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 36 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इनमें तीन पुलिसकर्मियों को विशिष्ट सम्मान प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई, जबकि 33 पुलिसकर्मियों को बेस्ट एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ के तहत पुरस्कृत किया गया। गृह मंत्रालय की ओर से फायरमैन सुखदेव सिंह को विशिष्ट कार्य के लिए डीजी-एफएस डिस्क ब्रॉन्ज और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है। वहीं, पुलिस मुख्यालय की ओर से लीडिंग फायरमैन राजकुँवर सिंह और कांस्टेबल चंदन मर्तोलिया को महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर से सम्मानित किया गया।
बैठक में एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल समेत जिले के राजपत्रित अधिकारी, थाना-शाखा प्रभारी, यातायात और सीपीयू प्रभारी तथा पीएसी के कंपनी कमांडर मौजूद रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page