सोमवार देर रात घर लौट रहे युवक पर झपटा गुलदार, नाखून लगने से घायल
10 दिन में तीन मवेशियों को बनाया निवाला
भवाली। भवाली क्षेत्र के नगारिगांव में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले 10 दिनों में जहां गुलदार तीन गायों को अपना निवाला बना चुका है, वहीं अब उसने ग्रामीणों पर भी हमला करना शुरू कर दिया है। सोमवार देर शाम घर लौट रहे एक युवक पर गुलदार के झपटने से गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीण जमन सिंह रौतेला ने बताया कि उनका भतीजा पंकज रौतेला अपने साथियों के साथ काम से गांव के रास्ते से घर लौट रहा था। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उंसके पैर के में हमला कर दिया। गुलदार के झपटने से युवक को नाखून लग गए। साथियों और ग्रामीणों ने शोर मचाकर किसी तरह गुलदार को वहां से भगाया।
ग्रामीण सुनील कुमार ने बताया कि गांव में लंबे समय से गुलदार की आवाजाही बनी हुई है। बीते दिनों गुलदार तीन गायों को मार चुका है। अब उसके इंसानों पर हमलावर होने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि गांव में छोटे बच्चे घरों के आंगन में खेलते हैं और पालतू कुत्ते भी घूमते रहते हैं, ऐसे में कभी भी बड़ी घटना हो सकती है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है।
वहीं वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी ने बताया कि क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और गुलदार से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते गुलदार को नहीं पकड़ा गया तो किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता। नगारिगांव में शाम ढलते ही लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है और पूरे गांव में भय का माहौल बना हुआ है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

