मयूँ गांव में दस दिवसीय बैश नवरात्रों का भव्य आयोजन शुरू, देश-विदेश से पहुंच रहे श्रद्धालु

ख़बर शेयर करें

बागेश्वर जनपद के प्रसिद्ध मयूँ गांव में 10 नवंबर से दस दिवसीय बैश नवरात्रों का भव्य आयोजन शुरू हो गया है। हरज्यू मंदिर में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है। नवरात्रों में शामिल होने के लिए मयूँ गांव के प्रवासी बिरादर देश-विदेश के विभिन्न क्षेत्रों से अपने गांव पहुंच रहे हैं। वहीं आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग धार्मिक आयोजन में भागीदारी कर रहे हैं।
हरज्यू मंदिर निर्माण समिति के संचालक कमल कांत फुलारा, नरोत्तम फुलारा, अध्यक्ष भुवन चंद्र पांडे, पुजारी और संरक्षक शेखर फुलारा ने बताया कि दस दिवसीय बैश नवरात्रों का आयोजन महायज्ञ के रूप में किया जा रहा है। इसमें गांव के लोगों के साथ ही प्रवासी ग्रामीण भी बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं। आयोजन के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भजन-कीर्तन, चांचरी और झोड़ा गायन की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। आसपास के गांवों के लोग भी पहुंचकर पारंपरिक लोकगीतों और नृत्यों में हिस्सा ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और धार्मिक विरासत को संरक्षित रखने के लिए इस तरह के आयोजन बेहद जरूरी हैं। इससे नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। आयोजन के दौरान मेले के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page