पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण, ईंधन आपूर्ति सुचारु रखने के निर्देश

ख़बर शेयर करें

सीजन से पहले पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण, ईंधन आपूर्ति सुचारु रखने के निर्देश
नैनीताल। पर्यटन सीजन और कैंची धाम में बढ़ती श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट ने पूर्ति निरीक्षक संजय बिष्ट के साथ क्षेत्र के विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के सेल्स ऑफिसर भारत जोशी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नैनीताल, भीमताल और भवाली क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर मांग और इंडेंट के अनुरूप नियमित ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि पर्यटन सीजन में आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने विशेष रूप से कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पेट्रोल पंप संचालकों को समय से कंपनियों को इंडेंट भेजने के निर्देश दिए। साथ ही पंपों पर साफ-सफाई बनाए रखने, वाहनों के लिए निःशुल्क हवा की सुविधा उपलब्ध कराने तथा इसके लिए एक कार्मिक की अनिवार्य तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पंपों पर ईंधन आपूर्ति सामान्य पाई गई तथा कर्मचारियों द्वारा नियमित रूप से वाहनों में ईंधन भरते हुए देखा गया। शिकायत पुस्तिका का अवलोकन करने पर उसमें कोई शिकायत दर्ज नहीं मिली।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page