धारी में विधायक कैड़ा की सख़्ती, मनीविद्या होटल में अवैध बोरिंग बंद

ख़बर शेयर करें

धारी में विधायक कैड़ा की सख़्ती, मनीविद्या होटल में अवैध बोरिंग बंद
धारी।
भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा परबड़ा में बाहरी बिल्डर द्वारा निजी मनीविद्या होटल में पानी की आपूर्ति के लिए की जा रही अवैध बोरिंग को विधायक राम सिंह कैड़ा ने शासन स्तर से हस्तक्षेप कराकर बंद करा दिया। अवैध बोरिंग के कारण क्षेत्र के प्राकृतिक जल स्रोत सूखने लगे थे, जिससे ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों द्वारा मामले की सूचना दिए जाने पर विधायक कैड़ा मौके पर पहुंचे और अवैध बोरिंग कार्य का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद उन्होंने देहरादून में पेयजल विभाग के निदेशक से वार्ता कर अवैध तरीके से की जा रही बोरिंग की जानकारी दी। विधायक ने बताया कि बाहरी बिल्डर नियमों को ताक पर रखकर बोरिंग कर रहे हैं, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को पीने तक का पानी नहीं मिल पा रहा है।
विधायक कैड़ा ने कहा कि पहाड़ की सीधी-साधी जनता के साथ अन्याय किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ हो रहा है और शासन-प्रशासन को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उनके निर्देश पर पेयजल विभाग द्वारा तत्काल प्रभाव से अवैध बोरिंग की अनुमति निरस्त करते हुए कार्य बंद कराने के आदेश जारी किए गए।
आदेश के अनुपालन में अवैध रूप से खोदी जा रही बोरिंग को बंद कर उसे सीमेंट से सील कर दिया गया। विधायक कैड़ा ने कहा कि जनता ही उनके लिए सर्वोपरि है और वे अपनी जनता के हक की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करते रहेंगे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page