समाजसेवी अफसर अली ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग की
भवाली/नैनीताल:
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर समाजसेवी अफसर अली ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच के लिए सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह मामला न केवल एक परिवार, बल्कि पूरे समाज को झकझोर देने वाला है और जब तक सच्चाई सामने नहीं आती, तब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल सकता।
अफसर अली ने कहा कि अब तक की जांच प्रक्रिया से जनता में कई सवाल खड़े हुए हैं। ऐसे में निष्पक्षता बनाए रखने और दोषियों को कठोर सजा दिलाने के लिए सीबीआई जांच आवश्यक है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि वह इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए सीबीआई को जांच सौंपे।
उन्होंने यह भी कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए। समाजसेवी संगठनों और आम जनता से उन्होंने शांति पूर्ण तरीके से न्याय की मांग को मजबूत करने का आह्वान किया।
अफसर अली ने भरोसा जताया कि यदि मामले की सीबीआई जांच होती है तो सच्चाई सामने आएगी और दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिलेगी, जिससे पीड़ित परिवार को न्याय मिल सकेगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

