हल्द्वानी/लालकुआं। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी और लालकुआं पुलिस की संयुक्त टीम ने एक युवक को 330 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार (23 नवंबर) को लालकुआं पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मोटरसाइकिल सवार एक युवक को रोककर तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 330 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी की पहचान गुलफाम हुसैन उर्फ गंगू (34) पुत्र इरशाद हुसैन निवासी गली नंबर तीन, लाइन नंबर एक, आजाद नगर, बनभूलपुरा, हल्द्वानी के रूप में की है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ये इंजेक्शन आरिफ निवासी बहेड़ी, बरेली से खरीदकर लाया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली लालकुआं में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/60/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक वंदना चौहान, कांस्टेबल गणेश गिरी, चालक कांस्टेबल खीम सिंह तथा एसओजी के कांस्टेबल भूपेंद्र ज्येष्ठा और भानु प्रताप शामिल रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



