काठगोदाम। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र के नवाड़खेड़ा, गौलापार निवासी रोहित आर्या पुत्र प्रेम राम को गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत छह माह के लिए जिला बदर कर दिया गया है।
जिलाधिकारी नैनीताल और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के तहत रोहित आर्या को जनपद नैनीताल की सीमा से बाहर किया गया। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ काठगोदाम कोतवाली में वर्ष 2016 से 2025 के बीच चार मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और आबकारी अधिनियम के तहत अवैध शराब से संबंधित मामले शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, रोहित के खिलाफ वर्ष 2016 में मारपीट और धमकी का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके अलावा वर्ष 2024 और 2025 में आबकारी अधिनियम के तहत तीन मुकदमे दर्ज किए गए। उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम, 1970 के तहत जिला बदर का आदेश जारी होने के बाद ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने कार्रवाई की।
प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह मेहता ने पुलिस टीम के साथ जिला बदर की कार्रवाई पूरी कराई।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



