दो सेना के जवानों सहित सड़क हादसे में सात की मौत

ख़बर शेयर करें


गुजरात में भीषण सड़क हादसा, कोटद्वार के दो सेना के जवानों समेत सात की मौत
कार और ट्रक की टक्कर में तीन मासूम बच्चों ने भी गंवाई जान, बेटी के जन्मदिन के लिए गुजरात पहुंचा था परिवार
कोटद्वार/भुज। गुजरात के कच्छ में शनिवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में उत्तराखंड के कोटद्वार निवासी दो सेना के जवानों समेत एक ही परिवार के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हादसा उस समय हुआ, जब परिवार कच्छ का रण घूमने के बाद कार से भुज लौट रहा था। इस दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
कच्छ पश्चिम पुलिस नियंत्रण कक्ष के अधिकारी के अनुसार हादसा शनिवार रात करीब 10 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। दुर्घटना के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकालने में पुलिस और राहत दल को कई घंटे मशक्कत करनी पड़ी।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (32) पुत्र जसपाल सिंह नेगी, उनकी पत्नी सविता (30) और तीन माह की बेटी शिविका के रूप में हुई है। तीनों ध्रुव विहार, ध्रुवपुर कोटद्वार के निवासी थे। इनके अलावा रिंकी (32) पत्नी नितिन गुंसाई और उनकी चार वर्षीय बेटी वमिका निवासी मोटाढाक, कोटद्वार तथा राजेश सिंह रावत (35) और उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता निवासी सिंभलचौड़, कोटद्वार की भी हादसे में मौत हो गई।
कोटद्वार कोतवाल प्रदीप नेगी ने बताया कि मृतकों में शामिल नायक सौरभ सिंह नेगी और नायक राजेश सिंह रावत सेना की सेकेंड गढ़वाल राइफल्स में तैनात थे। उनकी बटालियन गुजरात के भुज में है। वहीं, रिंकी के पति नितिन भी सेना में भुज में तैनात हैं।
बताया गया कि परिवार के सदस्य बेटी के जन्मदिन के सिलसिले में गुजरात गए थे। हादसे की खबर से कोटद्वार में शोक की लहर दौड़ गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना पर गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page