भवाली। वीकेंड पर पर्यटकों और कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस अलर्ट हो गई है। भवाली और कैंची धाम क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। प्रमुख मार्गों, तिराहों और चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वीकेंड के दौरान यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने यातायात प्रबंधन, डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया है। पुलिस कर्मियों को प्रमुख स्थानों पर तैनात कर यातायात को व्यवस्थित रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को जाम की समस्या से न जूझना पड़े।
पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की है। सड़क किनारे और नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े नहीं करने, ओवरस्पीडिंग से बचने और यातायात नियमों का पालन करने को कहा है। वहीं कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं से पुलिस की ओर से निर्धारित यातायात और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की गई है।
पुलिस ने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को सहयोग देने की भी अपील की है। पुलिस का कहना है कि पर्यटकों, श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से ही वीकेंड पर यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाया जा सकता है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



