कोटाबाग। शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे 37 वर्षीय व्यवसायी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान पतलिया निवासी अजीत कुमार पुत्र हरपाल सिंह (अमित शेरा) के रूप में हुई है। उनके निधन से क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10:15 बजे अजीत कुमार शादी समारोह से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोटाबाग-रुड़की मोटर मार्ग पर वह हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं। सूचना पर कोटाबाग चौकी पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल अजीत को तत्काल कोटाबाग अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौकी प्रभारी देवेंद्र राणा ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
अजीत कुमार तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और कोटाबाग में चिकन की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। मेहनती और मिलनसार स्वभाव के चलते वह क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखते थे। एक हंसते-खेलते परिवार पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनके असामयिक निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्रवासियों और व्यापारियों ने शोक जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



