भवाली। वरिष्ठ नागरिकों की सहायता एवं क्षेत्रीय जनता को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से रामगढ़ विकास खंड में समाज कल्याण विभाग की ओर से बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में लाभार्थियों और ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा मौके पर ही कई सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में समाज कल्याण विभाग, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला कल्याण विभाग तथा बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं और सेवाओं की जानकारी आमजन को दी।खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट ने बताया कि जिलेभर में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में राशन कार्डों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत गठित टीमें घर-घर जाकर राशन कार्डों का सत्यापन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य अपात्र व्यक्तियों के राशन कार्ड निरस्त कर पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाना है।
उन्होंने सभी राशन कार्ड धारकों से अपने राशन कार्ड में दर्ज प्रत्येक सदस्य की ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से कराने की अपील की। बताया कि ई-केवाईसी संबंधित राशन विक्रेता की दुकान पर या घर बैठे ‘मेरा ई-केवाईसी’ एप के माध्यम से भी कराई जा सकती है। इसके अलावा राशन कार्ड में किसी प्रकार का संशोधन कराने के लिए विभागीय वेबसाइट uk.smartpds.nic.in के सिटीजन लॉगिन पोर्टल का उपयोग किया जा सकता है।
अधिकारी ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत प्राथमिक परिवार और अंत्योदय अन्न योजना के लाभार्थियों को वर्तमान में निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जनता की समस्याओं का समाधान भी किया तथा जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

