लुधियाना (पंजाब) के तीर्थयात्रियों से भरी नाव शुक्रवार दोपहर यमुना नदी में डूब गई। हादसे में छह महिलाओं समेत दस लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग अभी लापता हैं। यह हादसा वृंदावन में बांकेबिहारी मंदिर से ढाई किमी दूर स्थित केशी घाट के पास हुआ।
हादसा उस वक्त हुआ, जब जेसीबी से पांटून पुल को खिसकाया जा रहा था। इस दौरान पुल का एक हिस्सा नाव से टकरा गया, जिस कारण वह डूब गई। बताया गया कि जहां नाव डूबी, वहां पर जल 25-30 फुट गहरा था।
पुलिस के अनुसार, पंजाब और हरियाणा के अलग-अलग शहरों से 132 श्रद्धालु गुरुवार को मथुरा पहुंचे थे, जो वृंदावन के एक आश्रम में रुके। सभी श्रद्धालु शुक्रवार दोपहर 2.30 बजे केसी घाट पहुंचे। यहां से उन्होंने देवराह बाबा घाट तक नौका विहार करने का निर्णय लिया। सभी कई मोटर बोट पर सवार हुए। पर्यटकों से भरी एक मोटर बोट मांट और वृंदावन के बीच पांटून पुल के पास पहुंची, इसमें 37 श्रद्धालु सवार थे। यहां ड्रेजिंग मशीन लगाकर सिल्ट की सफाई की गई थी। इस कारण पांटून पुल को बीच नदी से एक साइड में हटाया गया था। इस कारण आगे जाना मुश्किल था तो श्रद्धालुओं ने वापस जाने के लिए कहा। ऐसे में चालक ने जैसे ही मोटर बोट को मोड़ना चाहा तो जेसीबी से खिसकाते समय पुल का एक हिस्सा नाव से टकरा गया। इससे नाव यमुना में समाती चली गई और नाव सवार जान बचाने के लिए चीखने-चिल्लाने लगे। दोपहर तीन बजे हुए हादसे के बाद डूब रहे कई लोगों को गोताखोरों ने बचा लिया। पुलिस के अनुसार, हादसे में दस लोगों की जान चली गई, जबकि आठ लोगों को अस्पताल भेजा गया। जबकि पांच लोग लापता हैं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

