सेवानिवृत्त शिक्षक और मेधावी छात्र सम्मानित
धारी। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज धानाचूली में बुधवार को राजकीय शिक्षक संघ धारी की ओर से सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या और विधायक प्रतिनिधि प्रकाश चंद्र उर्फ नानू ने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों में उत्साह नजर आया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
स्थलीय संयोजक एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. पी. कुमार ने कहा कि राजकीय शिक्षक संघ की ओर से आयोजित यह सम्मान समारोह शिक्षक समाज और विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है और सेवानिवृत्त शिक्षकों के योगदान को सम्मान मिलता है।
राजकीय शिक्षक संघ के अध्यक्ष दीप चंद्र जोशी ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। सेवानिवृत्त शिक्षक संगठन और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और योगदान से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है।
ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान उनकी प्रतिभा को पहचान देने के साथ ही उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है। सम्मान से व्यक्ति को नई ऊर्जा और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि प्रकाश चंद्र उर्फ नानू, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या, खंड शिक्षा अधिकारी शुभम वर्मा, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपा, जेपी पंत, प्रधानाचार्य डॉ. पी. कुमार समेत शिक्षक, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

