कैचीधाम में पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रशासन सख्त, एसटीपी व सफाई व्यवस्था पर दिए गए निर्देश

ख़बर शेयर करें

कैचीधाम में पर्यावरण संरक्षण को लेकर प्रशासन सख्त, STP व सफाई व्यवस्था पर दिए गए निर्देश
हल्द्वानी, 29 जनवरी 2026 (सूवि)।
कैचीधाम क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सुनियोजित विकास सुनिश्चित करने को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे ने हल्द्वानी स्थित कैम्प कार्यालय में कैचीधाम से संबंधित एनजीटी में योजित याचिका के क्रम में STP, साफ-सफाई एवं निर्माण कार्यों को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में प्रभारी जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता उत्तराखंड पेयजल निगम को कैचीधाम में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के प्रस्ताव पर समयबद्ध अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं सचिव जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण को कैचीधाम क्षेत्र में बढ़ते निर्माण कार्यों को सुनियोजित करने, अवैध निर्माण पर चालानी कार्रवाई करने तथा लंबित मामलों का समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही अधिशासी अधिकारी नगर पालिका भवाली एवं अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को कैचीधाम में नियमित साफ-सफाई, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की प्रभावी व्यवस्था तथा इसके लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपजिलाधिकारी कैचीधाम मोनिका, सचिव जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण विजयनाथ शुक्ल, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका भवाली, अधिशासी अभियंता उत्तराखंड पेयजल निगम सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन की इस पहल से कैचीधाम क्षेत्र में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और व्यवस्थित विकास को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page