विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, लिए पांच नमूने

ख़बर शेयर करें


रामनगर में गुड़ विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, लिए पांच नमूने
गुणवत्ता जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे जाएंगे नमूने, मिलावट मिलने पर होगी कानूनी कार्रवाई
रामनगर। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने रामनगर में अभियान चलाया। इस दौरान बजाजा लाइन, कसेरा लाइन, ज्वाला लाइन, नई लाइन और कोसी रोड स्थित थोक एवं फुटकर खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। टीम ने गुड़ विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों से पांच खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्र किए।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, तीन नवंबर को रामनगर के एक खाद्य कारोबारी के यहां गुड़ को लेकर शिकायत सामने आई थी। इसके बाद विभाग ने एहतियातन थोक और फुटकर गुड़ विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। लिए गए पांचों नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट में नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए व्यापारियों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री बेचने के लिए जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने व्यापारियों से खाद्य पदार्थों में मिलावट नहीं करने और स्वच्छता के मानकों का पालन करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि सभी खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखना, पैक्ड खाद्य सामग्री पर निर्माण एवं समाप्ति तिथि और बैच नंबर अंकित होना, रेट लिस्ट प्रदर्शित करना तथा ग्राहकों को बिल देना अनिवार्य है। इसके अलावा दुकानों पर एफएसएसएआई लाइसेंस या पंजीकरण प्रमाण पत्र प्रदर्शित करना होगा। खराब और एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है।
अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Join WhatsApp Group
यह भी पढ़ें 👉  कैंची धाम पहुंचे भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा का युवा मोर्चा अध्यक्ष धीरज तिवारी ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर किया भव्य स्वागत
Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page