महिला दिवस पर भव्य आयोजन, समाजसेवा में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रियंका जोशी सम्मानित
भवाली। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में “क्वीन ऑफ माय वर्ल्ड” थीम ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में जहां रंगारंग प्रस्तुतियां और प्रतियोगिताएं हुईं, वहीं समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहीं महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।
वूमेंस क्लब ऑफ उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रियंका जोशी को महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और सामाजिक योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। प्रियंका जोशी लंबे समय से महिलाओं को हैंडीक्राफ्ट का प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वावलंबी बना रही हैं। उनके प्रयासों से कई महिलाएं आज आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। साथ ही वे समय-समय पर जरूरतमंद महिलाओं की मदद कर समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं और सम्मान समारोहों का आयोजन हुआ, लेकिन प्रियंका जोशी का सम्मान खास रहा। उपस्थित लोगों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें “रियल लाइफ हीरो” बताया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रियंका जोशी ने कहा कि उनका उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम की आयोजिका एवं वूमेंस क्लब ऑफ उत्तराखण्ड की संस्थापक मोनिका शर्मा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड की संस्कृति को बढ़ावा देना और प्रदेश को आगे ले जाना है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट उपस्थित रहे। वहीं निर्णायक मंडल में ऋचा गोयल, नेहा सिंह और प्रियंका तड़ागी ने अपनी भूमिका निभाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी रही।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

