पीआरडी जवानों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज, 11 घायल

ख़बर शेयर करें

देहरादून। नियमित रोजगार और मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच कर रहे पीआरडी जवानों पर बुधवार को पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। हाथीबड़कला में बैरिकेडिंग पार करने के दौरान पुलिस और जवानों के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई। पुलिस की कार्रवाई में 11 पीआरडी जवान घायल हो गए।
उत्तराखंड प्रांतीय रक्षक हित संगठन के प्रदेश अध्यक्ष किशन रावत के नेतृत्व में बुधवार को देहरादून, हरिद्वार समेत विभिन्न जिलों से करीब सात हजार पीआरडी जवान गांधी पार्क के समीप एकत्र हुए। दोपहर करीब 12 बजे सभी जवान वर्दी में मुख्यमंत्री आवास के लिए रवाना हुए। हाथीबड़कला में पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की दो बैरिकेडिंग गिरा दीं, जबकि तीसरी करीब 15 फीट ऊंची बैरिकेडिंग पर जवान चढ़ गए।
दोपहर करीब साढ़े तीन बजे करीब 100 जवान बैरिकेडिंग पार कर दूसरी ओर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ दिया। कार्रवाई में प्रदेश अध्यक्ष किशन रावत समेत कई जवान घायल हो गए। संगठन के प्रदेश मीडिया प्रभारी विनोद तोमर के अनुसार किशन रावत, वीरेंद्र, दिनेश, गणेश भट्ट, दीपा रावत, नवीन बिष्ट और विनोद तोमर समेत 11 जवान चोटिल हुए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  ऑपरेशन प्रहार के तहत वारंटी गिरफ्तार, न्यायालय से जारी था वारंट

650 रुपये दैनिक मानदेय में परिवार चलाना मुश्किल
पीआरडी जवानों का कहना है कि उन्हें प्रतिदिन 650 रुपये मानदेय मिलता है। वह भी नियमित ड्यूटी नहीं मिलती। किसी को दो महीने तो किसी को छह महीने ही काम मिल पाता है। ऐसे में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। जवानों ने साल के 365 दिन रोजगार की गारंटी देने, होमगार्ड की तर्ज पर मूल वेतन देने और समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करने की मांग उठाई।
लाठीचार्ज की कांग्रेस ने की निंदा
कांग्रेस प्रदेश महासचिव संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी ने पीआरडी जवानों पर पुलिस की कार्रवाई को निंदनीय बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जवानों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कांग्रेस की सरकार बनने पर जवानों की मांगों को प्राथमिकता से पूरा करने का आश्वासन दिया।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page