बोरे में बंद मिला युवती का शव, गला रेतकर हत्या की आशंका
चेहरे पर भी मिले धारदार हथियार के निशान, शिनाख्त मिटाने के लिए चेहरा बिगाड़ने की आशंका; पुलिस जांच में जुटी
देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जामुनवाला इलाके में बुधवार को बोरे में बंद एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। युवती के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं, जबकि चेहरे पर भी कई गहरे घाव पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में युवती की हत्या कर शव यहां फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की उम्र करीब 25 वर्ष आंकी जा रही है। उसके गले पर धारदार हथियार से रेतने के निशान हैं। वहीं, चेहरे को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया गया है। आशंका है कि युवती की पहचान छिपाने के उद्देश्य से हत्यारों ने उसके चेहरे को नुकसान पहुंचाया है। शुरुआती जांच में यह भी संभावना जताई जा रही है कि युवती की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद शव को बोरे में बंद कर जामुनवाला क्षेत्र में फेंका गया।
शिनाख्त के प्रयास में जुटी पुलिस
युवती के पास से कोई ऐसा दस्तावेज या सामान बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी पहचान हो सके। सूचना मिलने पर प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगालने के साथ ही युवती की शिनाख्त के प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले के खुलासे के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



