भवाली। आगामी होली पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से भवाली पुलिस ने नगर में व्यापक स्तर पर फ्लैग मार्च निकाला। कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगर के प्रमुख बाजारों, चौराहों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च कर आमजन को सुरक्षा का संदेश दिया।फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों एवं युवाओं से संवाद कर होली के अवसर पर शांति बनाए रखने की अपील की। कोतवाल मेहरा ने स्पष्ट कहा कि होली के नाम पर हुड़दंग, जबरन रंग डालना, नशे में वाहन चलाना तथा सार्वजनिक स्थानों पर उत्पात मचाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पर्व के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर भी कड़ी नजर रहेगी। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस कर्मियों की मौजूदगी से नगर में सुरक्षा का माहौल देखने को मिला और आमजन ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

