भवाली नैनीताल के बीच यात्रियों से दोगुना वसूला जा रहा किराया

ख़बर शेयर करें

भवाली। कैंची क्षेत्र में शटल सेवा शुरू होते ही भवाली नैनीताल रूट पर यात्रियों की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है। बाहरी टैक्सी चालकों द्वारा मौके का फायदा उठाकर मनमाना किराया वसूला जा रहा है, जिससे आम यात्रियों में भारी नाराजगी है। यात्रियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि जहां सामान्य दिनों में भवाली से नैनीताल का किराया 50 रुपये होता है, वहीं शनिवार रविवार को टैक्सियों की कमी का फायदा उठाकर चालकों ने 100 रुपये तक वसूले। अचानक बढ़े किराए से रोजाना सफर करने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। इधर, टैक्सी यूनियन ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है। यूनियन अध्यक्ष कृष्ण कुमार के अनुसार, शनिवार और रविवार को करीब 90 फीसदी टैक्सी वाहन कैंची में शटल सेवा में लग जाते हैं, जिससे अन्य रूटों पर वाहनों की कमी हो जाती है। उन्होंने साफ कहा कि बाहरी टैक्सी चालकों द्वारा इस तरह की वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यूनियन उपाध्यक्ष संजय लोहनी ने यात्रियों से अपील की है कि ऐसे वाहनों के नंबर नोट कर यूनियन या संबंधित विभाग को दें, ताकि उनके परमिट निरस्त कराने की कार्रवाई की जा सके।
यूनियन ने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों से उनकी छवि खराब होती है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी है। यात्रियों से अपील की गई है कि किसी भी तरह की अवैध वसूली की सूचना तुरंत 112 पर दें, ताकि परिवहन विभाग और पुलिस मिलकर कार्रवाई कर सके।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page