गोपालकों को चेतावनी—गायें नहीं हटाईं तो नगर पालिका के साथ गोसदन भेजे जाएंगे पशु
भवाली। नगर की सड़कों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में खुले में घूम रही गायों को लेकर अब प्रशासनिक स्तर पर सख्ती की तैयारी शुरू हो गई है। सड़कों पर आवारा घूम रही गायों के कारण यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। इसे देखते हुए शनिवार को गो रक्षक जिलाध्यक्ष प्रेम कुमार के नेतृत्व में टीम ने नगर क्षेत्र में मुनादी कराकर गोपालकों से अपने पशुओं को सड़कों से हटाकर घरों में बांधने की अपील की।
मुनादी के माध्यम से गोपालकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि वे एक सप्ताह के भीतर अपनी गायों को सड़कों से हटाकर सुरक्षित स्थान पर बांध दें। गो रक्षक जिलाध्यक्ष प्रेम कुमार ने बताया कि निर्धारित समय के बाद भी यदि गायें सड़कों पर खुले में घूमती मिलीं तो नगर पालिका के सहयोग से उन्हें पकड़कर गोसदन भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सड़क पर खुले में पशुओं को छोड़ने से वाहन चालकों के साथ-साथ राहगीरों और पशुओं की जान को भी खतरा रहता है। कई बार सड़क पर अचानक पशु आने से दुर्घटनाएं हो जाती हैं। ऐसे में पशुपालकों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए गायों को खुले में छोड़ने के बजाय उनके लिए उचित व्यवस्था करनी चाहिए।
गो रक्षक टीम ने नगरवासियों से भी अपील की कि यदि किसी की गाय सड़क पर घूमती मिले तो संबंधित पशुपालक को इसकी जानकारी दें। टीम ने चेतावनी दी कि एक सप्ताह बाद अभियान को और सख्त किया जाएगा तथा सड़क पर खुले में मिलने वाले पशुओं को गोसदन भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

