भवाली में अब खुले में कूड़ा फेंकना पड़ेगा महंगा, नगर पालिका काटेगी पाँच हजार का जुर्माना

ख़बर शेयर करें

भवाली। नगर पालिका परिषद भवाली ने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। भवाली बाजार के रामगढ़ रोड क्षेत्र में खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर अब कड़ी निगरानी रखी जाएगी। नगर पालिका द्वारा क्षेत्र में चेतावनी बोर्ड लगाने के साथ साथ सीसीटीवी कैमरे भी स्थापित किए गए हैं।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई व्यक्ति खुले में कूड़ा फेंकते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि शहर की स्वच्छता बनाए रखने में सभी नागरिक सहयोग करें और कूड़ा केवल निर्धारित कूड़ेदानों में ही डालें। पालिका प्रशासन का मानना है कि सीसीटीवी निगरानी और जुर्माने की व्यवस्था से लोगों में जागरूकता बढ़ेगी तथा बाजार क्षेत्र में फैल रही गंदगी पर रोक लग सकेगी।
स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने भी नगर पालिका की इस पहल का समर्थन करते हुए कहा कि इससे भवाली बाजार की सफाई व्यवस्था बेहतर होगी और शहर को स्वच्छ रखने में मदद मिलेगी।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page