अज्ञात वाहन की टक्कर से नेपाली मजदूर की मौत

ख़बर शेयर करें

अज्ञात वाहन की टक्कर से नेपाली मजदूर की मौत, शव सड़क किनारे मिला

गरमपानी- भवाली–अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गरमपानी झूला पुल के समीप शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से नेपाल निवासी एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। रविवार सुबह स्थानीय राहगीरों की नजर सड़क किनारे लहूलुहान अवस्था में पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत खैरना चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की। खैरना चौकी प्रभारी रमेश पंत ने बताया कि मृतक की पहचान भानी राम लोहार पुत्र गौरी राम लोहार उम्र 35 वर्ष निवासी तिलकानी कंचनपुर जिला महेंद्रनगर नेपाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया युवक की मौत शनिवार रात लगभग 11 बजे के आसपास हुई प्रतीत हो रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं भवाली कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत घटनास्थल का मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रो में की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page