नैनीताल जिले में 16 व 17 मार्च को जनपद में आपदा प्रबंधन के मॉक ड्रिल आयोजित होंगे

ख़बर शेयर करें

16 व 17 मार्च को जनपद में आपदा प्रबंधन के मॉक ड्रिल आयोजित होंगे
नैनीताल, 10 मार्च (सूवि)। जनपद में प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए 16 व 17 मार्च को विभिन्न स्थानों पर आपदा प्रबंधन के मॉक ड्रिल (पूर्वाभ्यास) आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने दी।
उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड शासन के निर्देशानुसार जनपद में भूकम्प, बादल फटना, वनाग्नि, भूस्खलन, हिमस्खलन, बाढ़, बांध टूटना, सुरंग धंसना, बड़े वाहनों की दुर्घटनाएं तथा हेलीकॉप्टर क्रैश जैसी संभावित आपदाओं को देखते हुए समयपूर्व तैयारियां करना आवश्यक है। आपदा की स्थिति में त्वरित सूचना आदान-प्रदान और विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए यह पूर्वाभ्यास कराया जा रहा है।
अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि 16 मार्च को जिला मुख्यालय में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तर पर टेबल टॉप एक्सरसाइज और मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। इसमें आईआरएस प्रणाली के तहत नामित अधिकारी और सभी महत्वपूर्ण विभागों के प्रतिनिधि जिला कार्यालय स्थित एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में प्रतिभाग करेंगे। वहीं तहसील स्तर पर संबंधित परगना मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में तहसील मुख्यालयों में भी यह अभ्यास कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 17 मार्च को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में आपदा पूर्वाभ्यास अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत कैंचीधाम, खनस्यूं, कालाढुंगी, हल्द्वानी तथा नैनीताल तहसील क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पूर्वाभ्यास के दौरान चिन्हित स्थानों पर स्टेजिंग एरिया, इंसिडेंट कमांड केंद्र, राहत शिविर और चिकित्सा शिविर स्थापित किए जाएंगे तथा स्थानीय आईआरटी टीमों और टास्क फोर्स का गठन कर संसाधनों व उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिला व तहसील स्तर पर आयोजित भूकंप पूर्वाभ्यास, आपदा टेबल टॉप एक्सरसाइज और मॉक ड्रिल कार्यक्रमों में निर्धारित तिथियों पर समय से प्रतिभाग करना सुनिश्चित करें।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page