कमिश्नरी कार्यालय में आग लगने पर मॉक ड्रिल, 20 मिनट में पहुंची फायर और एसडीआरएफ की टीम
फायर हाइड्रेंट का प्रेशर कम मिलने और झूलते तारों से बाधित हुआ अग्निशमन वाहन का रास्ता, मंडलायुक्त ने जताई नाराजगी
नैनीताल। मंडलायुक्त कार्यालय में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट से आग लगने की काल्पनिक घटना को लेकर मॉक अभ्यास किया गया। इस दौरान आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखा गया। अभ्यास में फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम सूचना मिलने के करीब 20 मिनट बाद मौके पर पहुंची। हालांकि, इस दौरान फायर हाइड्रेंट में कम प्रेशर और रास्ते में झूलते तारों के कारण अग्निशमन वाहन के कमिश्नरी गेट तक नहीं पहुंच पाने जैसी खामियां भी सामने आईं।
मॉक अभ्यास के अनुसार गुरुवार दोपहर 12:17 बजे कमिश्नरी कार्यालय में धुआं निकलने की सूचना आपदा कंट्रोल रूम को दी गई। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1077 पर सूचना मिलते ही फायर स्टेशन, एसडीआरएफ, राहत एवं बचाव दल और एंबुलेंस को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंची टीमों ने सबसे पहले विद्युत आपूर्ति बंद कराई और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। इस दौरान आग से झुलसे दो कर्मचारियों और अफरातफरी में घायल हुए तीन अन्य कर्मचारियों को सुरक्षित निकालकर बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया। साथ ही आसपास के भवनों की सुरक्षा जांच कर संभावित खतरे वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग की गई।
मॉक ड्रिल के दौरान कमिश्नरी और जिला न्यायालय के समीप लगे फायर हाइड्रेंट में पानी का प्रेशर कम पाया गया। वहीं, सड़क के ऊपर झूल रहे विभिन्न तारों के कारण अग्निशमन वाहन कमिश्नरी गेट तक नहीं पहुंच सका। इस पर मंडलायुक्त दीपक रावत ने नाराजगी जताते हुए जल संस्थान के अभियंताओं को ऐतिहासिक और लकड़ी से निर्मित इमारतों समेत आग की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों के फायर हाइड्रेंट का प्रेशर जांचने के निर्देश दिए। उन्होंने कमियों को वैज्ञानिक तरीके से दूर करने और विद्युत तारों के साथ अन्य केबलों की भी जांच कराने को कहा।
मंडलायुक्त ने ऐसे क्षेत्रों का आकलन करने के निर्देश भी दिए, जहां अग्निशमन विभाग के बड़े वाहन नहीं पहुंच सकते या रास्तों में सीढ़ियां बनने के कारण आवागमन बाधित होता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इन क्षेत्रों के लिए वैकल्पिक अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
मंडलायुक्त दीपक रावत ने कहा कि मॉक अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच त्वरित समन्वय, समयबद्ध कार्रवाई और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अभ्यास में सभी विभागों का रिस्पॉन्स टाइम संतोषजनक रहा। इस दौरान अपर आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



