एसटीएच में अव्यवस्थाओं पर भड़के डीएम, बोले- क्या हम अपने बच्चों को ऐसे बेड पर रखेंगे?

ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी। सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में अव्यवस्थाओं को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल का पारा चढ़ गया। औचक निरीक्षण पर पहुंचे डीएम को अस्पताल में जगह-जगह गंदगी, रैन बसेरे की बदहाल स्थिति और टूटे शीशे मिले। इस पर उन्होंने अस्पताल प्रशासन को जमकर फटकार लगाई। रैन बसेरे में अव्यवस्थित बेड देखकर डीएम ने अधिकारियों से सवाल किया कि क्या हम अपने बच्चों को ऐसे बेड पर रखेंगे? सर्दियों में मरीजों और तीमारदारों को ठंड लगेगी तो उनकी देखभाल कौन करेगा?
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रैन बसेरे की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुशीला तिवारी प्रदेश का प्रमुख अस्पताल है। यहां दूर-दराज के क्षेत्रों से मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने टूटे शीशों को ठीक कराने के साथ ही सर्दी से बचाव के पर्याप्त इंतजाम करने को कहा।
बाहर की दवाएं लिखने पर जताई नाराजगी
डीएम ने चिकित्सकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को जेनेरिक दवाएं लिखी जाएं। अस्पताल में उपलब्ध दवाओं से ही उपचार सुनिश्चित किया जाए और बाहर से दवाएं लिखने की व्यवस्था पूरी तरह बंद हो। उन्होंने कहा कि गरीब मरीजों पर दवाओं का अनावश्यक आर्थिक बोझ नहीं पड़ना चाहिए।

यह भी पढ़ें 👉  प्रशासन के आश्वासन पर एक माह के लिए स्थगित हुआ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा का धरना

जिलाधिकारी ने बाल रोग, महिला, गायनी, जनरल और सर्जरी वार्ड समेत विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उपचार और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने सर्दियों को देखते हुए वार्डों में लाइट और हीटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा नमी वाले कमरों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए।
सफाई में लापरवाही पर ठेकेदारों को चेतावनी
अस्पताल की सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने आउटसोर्स सफाई ठेकेदार को सैनिटेशन, शौचालय, बाथरूम और फर्श की नियमित सफाई सुनिश्चित करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि गंदगी से संक्रमण फैलने का खतरा रहता है। मानकों के अनुरूप काम नहीं होने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों का लाइसेंस निरस्त या निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुपालन को लेकर जल्द ही टीम अस्पताल का निरीक्षण करेगी।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, पीएमएस डॉ. अजय आर्य, एमएस डॉ. अरुण जोशी समेत अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page