– पालिकाध्यक्ष के औचक निरीक्षण में खुली स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत
- कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
भवाली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली में डॉक्टरों की कमी का मुद्दा एक बार फिर सामने आया है। गुरुवार को नगर पालिका अध्यक्ष पंकज आर्य ने अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान अस्पताल में लंबे समय से विशेषज्ञ डॉक्टरों के पद खाली होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने चिकित्सकों से वार्ता कर अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि सीएचसी में स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, सर्जन और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ के पद लंबे समय से रिक्त हैं। महत्वपूर्ण विशेषज्ञों की तैनाती नहीं होने से मरीजों को उपचार के लिए हल्द्वानी सहित अन्य अस्पतालों की दौड़ लगानी पड़ रही है। इससे खासकर गर्भवती महिलाओं, बच्चों और आपातकालीन मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित कुमार ने पालिका अध्यक्ष को बताया कि अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है। इसके बावजूद अब तक रिक्त पदों पर तैनाती नहीं हो पाई है। पालिका अध्यक्ष पंकज आर्य ने कहा कि भवाली क्षेत्र के साथ ही कैंची धाम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। कई बार आपातकालीन स्थिति में श्रद्धालुओं को भवाली सीएचसी लाया जाता है। डॉक्टर नही होने से मरीज रेफर करने पड़ते है। ऐसे में अस्पताल में जरूरी विशेषज्ञ डॉक्टरों का नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में पर्याप्त डॉक्टरों की तैनाती के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी और शासन स्तर पर मांग उठाई जाएगी, ताकि स्थानीय लोगों के साथ ही बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी समय पर बेहतर उपचार मिल सके।
इस दौरान मनोज तिवारी भी मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



