रामगढ़ उमागढ़ मोटर मार्ग के डामरीकरण को 1.78 करोड़ रुपये स्वीकृत

ख़बर शेयर करें
  • मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों को जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के दिए निर्देश, शीघ्र शुरू होगा कार्य

भवाली। रामगढ़ ब्लॉक में लंबे समय से बदहाल मल्ला रामगढ़-उमागढ़ मोटर मार्ग के दिन जल्द बहुरेंगे। मार्ग के डामरीकरण और सुधारीकरण के लिए शासन ने 1 करोड़ 78 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। इसके लिए शासनादेश भी जारी हो गया है। मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।मल्ला रामगढ़ से उमागढ़ तक मोटर मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में था। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से ग्रामीणों, किसानों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही थी। खासकर बरसात के दौरान ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ जाती थीं। क्षेत्रवासियों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा से मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग की थी। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़क की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद शासन से कार्य के लिए 1.78 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल गई है।मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मोटर मार्ग पर जल्द ही सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में क्षतिग्रस्त सड़कों को दुरुस्त करने के साथ डामरीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है। क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने विकास कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत करने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। वहीं, सड़क की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रीय जनता ने मंत्री का आभार व्यक्त किया।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page