भवाली सेनिटोरियम बाईपास में डेढ़ घंटे जाम में फंसे विधायक बंशीधर भगत

ख़बर शेयर करें

जिलाधिकारी और कोतवाल को फोन कर बताई अव्यवस्था

भवाली। पर्यटन सीजन और कैंची धाम में बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच भवाली का सेनिटोरियम–रातीघाट बाईपास एक बार फिर भीषण जाम की चपेट में आ गया। शुक्रवार को हालात इतने खराब हो गए कि कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत खुद करीब डेढ़ घंटे तक जाम में फंसे रहे। विधायक के जाम में फंसने के बाद प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। शुक्रवार दोपहर सेनिटोरियम बाईपास में वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क के दोनों ओर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के कारण यातायात पूरी तरह चरमरा गया। इसी दौरान कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत भी अपने वाहन के साथ जाम में फंस गए। विधायक को करीब डेढ़ घंटे तक सड़क पर इंतजार करना पड़ा। जाम में फंसे विधायक ने मौके से ही जिलाधिकारी नैनीताल और भवाली कोतवाल को फोन कर अव्यवस्था की जानकारी दी। विधायक ने कहा कि सड़क किनारे दोनों तरफ वाहनों की पार्किंग होने से लगातार जाम लग रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की। विधायक ने कहा कि नगर पालिका पार्किंग शुल्क तो वसूल रही है, लेकिन यातायात संचालन की कोई ठोस व्यवस्था नजर नहीं आ रही। उन्होंने सुझाव देते हुए कहा कि सड़क पर वाहनों को केवल एक तरफ खड़ा किया जाए या फिर इस मार्ग को वन-वे किया जाए, ताकि लगातार लग रहे जाम से राहत मिल सके। विधायक ने कहा कि वह इस समस्या को एसएसपी के समक्ष भी रखेंगे, क्योंकि लगातार जाम से स्थानीय लोगों, व्यापारियों और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों में भी प्रशासन के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्राम प्रधान किशोर ढेला ने कहा कि सेनिटोरियम बाईपास का जाम अब गांव के लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुका है। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक दिक्कत बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को उठानी पड़ रही है। कई बार घंटों तक एंबुलेंस और जरूरी सेवाएं भी जाम में फंस जाती हैं।
उन्होंने कहा कि यदि किसी की अचानक तबीयत खराब हो जाए तो अस्पताल तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है। ग्राम प्रधान ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार समस्या उठाने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो ग्रामीणों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि कैंची धाम यात्रा सीजन शुरू होने के बाद से सेनिटोरियम बाईपास में लगातार जाम लग रहा है, लेकिन पुलिस और प्रशासन केवल अस्थायी व्यवस्थाओं तक सीमित हैं। सड़क किनारे अवैध और अव्यवस्थित पार्किंग पर कार्रवाई नहीं होने से हालात दिन प्रतिदिन बिगड़ते जा रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से तत्काल ट्रैफिक प्लान लागू करने, पार्किंग व्यवस्था सुधारने और नियमित पुलिस तैनाती की मांग की है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page