भवाली। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 की शुरुआत सोमवार को रामगढ़ के द कासा ड्रीम रिसोर्ट में हुई। दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का समापन मंगलवार को होगा।
शिविर का शुभारंभ प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार, कैबिनेट मंत्री एवं भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा, जिला प्रभारी खिलेंद्र चौधरी, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, हल्द्वानी महापौर गजराज बिष्ट और प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर एवं वंदेमातरम गीत के साथ किया।
प्रशिक्षण शिविर से पूर्व भाजपा की विकास यात्रा और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया गया। प्रदर्शनी में पार्टी के इतिहास, विचारधारा और सरकार की योजनाओं को दर्शाया गया। जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने स्वागत संबोधन में कहा कि प्रशिक्षण अभियान कार्यकर्ताओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगा। जिला प्रभारी खिलेंद्र चौधरी ने इसे राष्ट्रवाद और सेवा भावना से जुड़ा अभियान बताया। प्रथम सत्र में अजेय कुमार ने पार्टी के सैद्धांतिक अधिष्ठान, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और पंच निष्ठाओं पर प्रकाश डाला। दूसरे सत्र में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने भाजपा के ऐतिहासिक विकास पर चर्चा की। तीसरे सत्र में दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट ने कार्यकर्ताओं के विकास एवं अपेक्षाओं पर विचार रखे।
चौथे सत्र में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विवेक सक्सेना ने भाजपा की संगठनात्मक कार्यपद्धति की जानकारी दी। पांचवें सत्र में रणदीप पोखरिया ने वर्तमान सामाजिक और राजनीतिक चुनौतियों पर विचार व्यक्त किए। समापन सत्र में प्रदेश महामंत्री श्रीमती दीप्ति रावत भारद्वाज ने संगठन विस्तार, वैचारिक सुदृढ़ीकरण और व्यक्तित्व विकास पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
शिविर में जनप्रतिनिधियों, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चा पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

