भवाली। बारह वर्ष में आयोजित होने वाली हिमालयी कुंभ नंदा देवी बड़ी जात यात्रा एवं नंदा देवी लोकजात यात्रा में भवाली देवी मंदिर नंदा देवी कमेटी की उपाध्यक्ष कंचन सुयाल और लोकेश जोशी ने प्रतिभाग किया। दोनों ने भवाली देवी मंदिर प्रांगण से यात्रा की शुरुआत कर मां नंदा देवी की ध्वजा होमकुंड में स्थापित करने का संकल्प लिया।
यात्रा के दौरान अल्मोड़ा पहुंचकर लोकजात यात्रा में कुमाऊं का प्रतिनिधित्व करते हुए अल्मोड़ा नंदा देवी कमेटी की ध्वजा वेदनी बुग्याल में स्थापित करने का संकल्प लिया गया। इसके बाद यात्रा सोमेश्वर, कोट भ्रामरी, ग्वालदम, चेपड़ो, नंदकेसरी, मुंडोली और लोहजंग होते हुए वाण गांव पहुंची, जहां लोकजात और बड़ी जात यात्रा का मिलन हुआ।
वाण गांव से पैदल यात्रा गैरोली पाटल होते हुए वेदनी बुग्याल पहुंची। यहां अल्मोड़ा नंदा देवी कमेटी की ध्वजा स्थापित की गई। इसके बाद यात्रा पथरनाचनी, कैलवा विनायक, भगुवावासा, रूपकुंड, जूनार गली, शिला समुद्र और छोटा होमकुंड होते हुए बड़ा होमकुंड पहुंची। यहां मां राजराजेश्वरी नंदा देवी की पूजा-अर्चना के बाद भवाली से लाई गई ध्वजा होमकुंड में स्थापित की गई। इसके बाद यात्रा जामुनडाली, लाताकॉपड़ी, तातड़ी, सुतोल और कनोल होते हुए वाण गांव पहुंची।
यात्रा पूर्ण कर भवाली लौटने पर देवी मंदिर प्रांगण में कैलाश सुयाल, दीपेश कपिल, खष्टी बिष्ट, नीरज बढ़ानी, भगवती सुयाल सहित अन्य लोगों ने यात्रा दल का स्वागत किया। मंच पर मनीष साह, पंकज भाकुनी, बालम मेहरा, अभिषेक मेहता, अमित पांडे, पवन भाकुनी, त्रिवेंद्र साह और आयुष कुमार ने भी यात्रा पूर्ण करने पर शुभकामनाएं दीं।
यात्रा में सहयोग के लिए मंदिर पुजारी मोहन कपिल, पंकज कपिल, दीपेश कपिल, व्यास कैलाश सुयाल, मनीष साह, अल्मोड़ा नंदा देवी समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा, व्यवस्थापक मुन्ना वर्मा, लोकजात यात्रा केंद्रीय समिति परगना बधान के अध्यक्ष सुशील रावत, चौदह सयाने, पृथ्वी रावत, शौर्य रावत तथा बड़ी जात यात्रा के कर्नल हरेंद्र रावत का आभार जताया गया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

