रामगढ़ शिव मंदिर से कलश यात्रा हरिद्वार के लिए रवाना

ख़बर शेयर करें

भवाली। तल्ला रामगढ़ स्थित नवनिर्मित शिव मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा एवं धार्मिक अनुष्ठानों के तहत मंगलवार को भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। रामगढ़ से 108 महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में हरिद्वार के लिए रवाना हुईं, जहां से वे गंगाजल से कलश भरकर वापस क्षेत्र में लौटेंगी।
इस अवसर पर निरंजनी अखाड़े के स्वामी विवेकानंद महाराज की अध्यक्षता में विधिवत यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। यज्ञ के आचार्य की भूमिका आचार्य कृष्णानंद शास्त्री निभा रहे हैं। धार्मिक मंत्रोच्चारण और वैदिक विधियों के बीच पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम के अनुसार 5 फरवरी से शिव महापुराण कथा का शुभारंभ किया जाएगा, जिसका पारायण 15 फरवरी को सम्पन्न होगा। आचार्य कृष्णानंद शास्त्री ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिव महापुराण कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
इस धार्मिक अनुष्ठान के यजमान कैप्टन खीम सिंह रहेंगे। कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरे क्षेत्र में हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page