धार्मिक भावनाओं से खेलने के बजाय सरकार अपनी उपलब्धियां जनता के सामने रखे, कांग्रेस नेता मनोज शर्मा

ख़बर शेयर करें

मोदी को भगवान बताने वाले बयान पर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने जताई आपत्ति
कहा- धार्मिक भावनाओं से खेलने के बजाय सरकार अपनी उपलब्धियां जनता के सामने रखे
धारी। बागेश्वर में शुक्रवार को प्रेस वार्ता के दौरान भीमताल विधायक एवं कैबिनेट मंत्री द्वारा प्रधानमंत्री को “इस युग का भगवान” बताए जाने वाले बयान पर भीमताल विधानसभा के कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने मीडिया को जारी बयान में कहा कि इस तरह की बयानबाजी सनातन परंपराओं और देवी-देवताओं की मान्यताओं का अपमान है।
मनोज शर्मा ने कहा कि अक्सर ऐसे बयान वे नेता देते हैं, जिनके पास अपनी उपलब्धियां बताने के लिए कुछ नहीं होता और वे धार्मिक भावनाओं का सहारा लेकर जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से भटकाने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि धर्म जैसे संवेदनशील विषय पर बोलने से पहले पर्याप्त जानकारी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि शास्त्रों में स्पष्ट उल्लेख है कि अनंत और सर्वशक्तिमान परमेश्वर किसी मनुष्य के रूप में सीमित नहीं हो सकते। राजनीति में जनता से जुड़े कई मुद्दे हैं, लेकिन किसी को खुश करने के लिए किसी इंसान को भगवान की संज्ञा देना उचित नहीं है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में जिम्मेदार पदों पर बैठे नेताओं की इस तरह की बयानबाजी गलत परंपरा को जन्म देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को धार्मिक मुद्दों के बजाय अपने कार्यकाल की उपलब्धियों और जनहित के कार्यों पर चर्चा करनी चाहिए।
मनोज शर्मा ने प्रदेश सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार को करीब दस साल पूरे होने जा रहे हैं, ऐसे में उसे बताना चाहिए कि इस दौरान कितने युवाओं को रोजगार मिला। उन्होंने पेपर लीक, बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर भी सरकार से जवाब मांगा।
उन्होंने कहा कि सरकार को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि प्रदेश में कितने नए उद्योग स्थापित हुए और युवाओं को स्थायी रोजगार देने के लिए क्या कदम उठाए गए। उन्होंने सिडकुल में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने से जुड़े पुराने प्रावधानों को लागू करने की मांग भी उठाई।
मनोज शर्मा ने कहा कि जनता अब सरकार से विकास और रोजगार जैसे मुद्दों पर जवाब चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए धार्मिक भावनाओं का सहारा ले रही है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page