मुख्य चिकित्सा भंडार से दवाओं की आपूर्ति भी प्रभावित
रोजाना 150 से अधिक मरीज पहुंच रहे अस्पताल
भवाली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में फार्मासिस्ट की कमी के कारण मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में दवाओं की व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिससे कई जरूरी दवाएं समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।
जानकारी के अनुसार अस्पताल में रोजाना 150 से अधिक मरीज इलाज और दवा लेने के लिए पहुंचते हैं, लेकिन यहां केवल एक ही फार्मासिस्ट के भरोसे पूरा काम चल रहा है। वही फार्मासिस्ट चीफ फार्मासिस्ट पटल का कार्य भी संभाल रहे हैं। इसके चलते दवाओं के वितरण और व्यवस्था में दिक्कतें आ रही हैं।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार मुख्य चिकित्सा भंडार (सीएमएसडी) से भी दवाओं की आपूर्ति प्रभावित हो रही है, क्योंकि फार्मासिस्ट की कमी के कारण आवश्यक प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं हो पा रही है।
भवाली पर्यटन स्थल होने के साथ साथ वीआईपी क्षेत्र भी माना जाता है, ऐसे में यहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ पर्यटक भी इलाज के लिए अस्पताल पहुंचते हैं। स्टाफ की कमी के कारण स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ रहा है।
अस्पताल आए मरीज राहुल मेहरा ने बताया कि उन्हें अस्पताल में रेबीज का इंजेक्शन नहीं मिला। इसके बाद उन्हें बाजार से इंजेक्शन खरीदकर लगवाना पड़ा। उन्होंने बताया कि अस्पताल में काफी समय से रेबीज का इंजेक्शन उपलब्ध नहीं है, जिससे मरीजों को मजबूरी में बाहर से दवा खरीदनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से अस्पताल में फार्मासिस्ट की तैनाती बढ़ाने और दवाओं की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ रमेश कुमार ने बताया उच्य अधिकारीयो से जल्द फार्मासिस्ट की तैनाती की मांग की गई है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

