सड़क बनाने के नाम पर हो रही वादाखिलाफी से नाराज कृष्णापुर के लोगों ने अब आर-पार का मन बना लिया है। 30 दिन के भीतर सड़क निर्माण कराने के आश्वासन के पूरा न होने पर लोगों ने आगामी चुनाव के बहिष्कार कर धरना-प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दी है।
कृष्णापुर निवासी दीपेश भट्ट ने बताया, कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने लगातार 24 दिनों तक धरना दिया था। 19 अक्तूबर को विधायक ने सड़क निर्माण का कार्य जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया था, जिसके बाद धरना समाप्त किया गया था। 30 दिन के भीतर दोपहिया वाहनों के लिए मार्ग खोलने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन ये मियाद पूरी होने को है और कार्य की गति को देखकर समयसीमा के भीतर कार्य पूरा होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। साथ ही वैकल्पिक मार्ग के लिए डीपीआर तैयार करने की बात कही थी, इस संबंध में भी अभी तक कोई सूचना नहीं मिली है। सभासद सुरेंद्र कुमार ने कहा कि यदि निर्धारित समयसीमा के भीतर सड़क निर्माण को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो आगामी चुनाव में बहिष्कार के निर्णय पर कायम रहेंगे। साथ ही सड़क निर्माण की मांग को लेकर दोबारा धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



