भवाली में हार्ट अटैक से होटल कर्मी की मौत, परिवार में मचा कोहराम

ख़बर शेयर करें

भवाली। नगर में एक होटल कर्मचारी की हार्टअटैक से अचानक मौत हो गई घटना के बाद होटल कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। साथी कर्मी उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी भवाली लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार दीवान सिंह (52) पुत्र बच्ची सिंह, निवासी ग्राम चोकनी, रानीखेत, पिछले लगभग आठ महीनों से भवाली के एक होटल में कार्यरत थे। रविवार दोपहर उन्होंने अन्य कर्मचारियों के साथ भोजन किया और उसके बाद कमरे में आराम करने चले गए। बताया जा रहा है कि वह सामान्य अवस्था में थे और किसी प्रकार की शिकायत नहीं कर रहे थे।
शाम तक जब वह बाहर नहीं आए तो साथियों को चिंता हुई। कई बार आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जब कमरे में जाकर देखा गया तो वह अचेत अवस्था में पड़े थे। स्थिति गंभीर देख अन्य कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए उन्हें सीएचसी भवाली पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक तौर पर चिकित्सकों ने हृदय गति रुकने को मौत का कारण बताया है। मृतक के भतीजे मोहन सिंह ने बताया कि दीवान सिंह परिवार के भरण-पोषण के लिए भवाली में नौकरी कर रहे थे। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र, दो पुत्रियां और वृद्ध माता हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि सोमावर को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौपा जाएगा।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page