कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी से होटल-रेस्टोरेंट व्यवसाय प्रभावित, नियमित आपूर्ति की मांग
नैनीताल।
क्षेत्र में इन दिनों होटल एवं रेस्टोरेंट व्यवसायियों को कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी से जूझना पड़ रहा है। पर्याप्त आपूर्ति न होने के कारण कई प्रतिष्ठानों के सामने संचालन सुचारू रूप से चलाना चुनौती बनता जा रहा है।
व्यवसायियों के अनुसार विभिन्न गैस एजेंसियों द्वारा बताया जा रहा है कि उन्हें ऊपर से ही कमर्शियल गैस सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। इसके चलते होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिससे दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
व्यवसायियों का कहना है कि यदि यही स्थिति लंबे समय तक बनी रही तो आने वाले दिनों में होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर इसका गंभीर असर पड़ सकता है। गैस की कमी के कारण कई प्रतिष्ठानों को अपने संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है, जिससे न केवल व्यापारियों बल्कि आम उपभोक्ताओं को भी परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के कुमाऊँ मंडल सह प्रभारी अखिलेश सेमवाल ने संबंधित विभाग और गैस आपूर्ति से जुड़े अधिकारियों से कमर्शियल गैस सिलेंडरों की नियमित और पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो पर्यटन क्षेत्र के होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

