भवाली। भीमताल रोड स्थित डोब ल्वेशाल ग्रामसभा में गुरुवार को गुलदार के हमले से क्षेत्र में दहशत फैल गई। दोपहर करीब 11 बजे घर के पास चर रही तीन बकरियों पर गुलदार ने हमला कर उन्हें मार डाला। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन गुलदार की आवाजाही देखी जा रही है। बताया जा रहा है कि आसपास दो–तीन गुलदार लगातार घूमते रहते हैं, जबकि बच्चे अक्सर घरों के बाहर खेलते रहते हैं, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। पीड़ित हरीश चंद्र ने बताया कि उनकी बकरियां रोज की तरह घर के पास ही चरने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए गुलदार ने अचानक हमला कर तीनों बकरियों को मार डाला। घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। पीड़ित परिवार ने वन विभाग से मुआवजे की मांग की है। वहीं क्षेत्राधिकारी वन विजय मेलकानी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। टीम द्वारा क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जा रही है तथा ग्रामीणों को वन्यजीवों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और बच्चों को अकेले बाहर न भेजने की अपील की है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

