कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए फायरमैन जगजीत सिंह, नैनीताल पुलिस में शोक की लहर
एसएसपी ने मोर्चरी पहुंचकर परिजनों को बंधाया ढांढस, दी आर्थिक सहायता
भवाली/नैनीताल। जनपद नैनीताल के फायर स्टेशन मल्लीताल में तैनात फायरमैन जगजीत सिंह का कर्तव्य पालन के दौरान सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन से नैनीताल पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस विभाग ने अपने जांबाज और कर्तव्यनिष्ठ साथी को श्रद्धांजलि दी।
जानकारी के अनुसार 22 जून की रात्रि वाहन दुर्घटना में फायरमैन जगजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत पुलिस अधिकारियों ने हल्द्वानी स्थित मोर्चरी पहुंचकर दिवंगत फायरमैन को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
एसएसपी ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि पुलिस परिवार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ा है। उन्होंने परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि प्रदान करते हुए विभागीय स्तर से मिलने वाली सभी सहायता जल्द उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
दिवंगत फायरमैन जगजीत सिंह का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव बाजावाला, बाजपुर ले जाया गया, जहां पुलिस विभाग की ओर से पूरे राजकीय सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी जाएगी।
19 वर्षों तक दी पुलिस विभाग को सेवा
फायरमैन जगजीत सिंह ने करीब 19 वर्षों तक पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं दीं। उनका जन्म 15 मई 1988 को हुआ था और वह 14 दिसंबर 2007 को पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। उन्होंने वर्ष 2007-08 में ऊधमसिंह नगर, 2008-10 में नैनीताल, 2010-24 तक चंपावत और वर्ष 2024 से वर्तमान तक नैनीताल फायर स्टेशन मल्लीताल में सेवाएं दीं।
इस दौरान एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, सीओ प्रशिक्षु विनय सिंह, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, अग्निशमन अधिकारी हल्द्वानी मिन्दरपाल समेत कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
नैनीताल पुलिस ने कहा कि फायरमैन जगजीत सिंह की कर्तव्यनिष्ठा और सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

