नीली बत्ती लगाकर घूम रहा था फर्जी आईबी अधिकारी, रौब के लिए रखी थी एयरगन

ख़बर शेयर करें

नीली बत्ती लगाकर घूम रहा था फर्जी आईबी अधिकारी, रौब के लिए रखी थी एयरगन
तिकोनिया चौराहे पर चेकिंग के दौरान खुला फर्जीवाड़ा, कार से फर्जी आईबी आईडी और सरकारी दस्तावेज बरामद
हल्द्वानी। नीली बत्ती लगी कार, उस पर भारत सरकार का बोर्ड और खुद को आईबी अधिकारी बताने वाला युवक। हल्द्वानी के तिकोनिया चौराहे पर पुलिस की सघन चेकिंग के दौरान जब कार रोकी गई तो पूरा फर्जीवाड़ा सामने आ गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी आईबी आईडी कार्ड, संबंधित दस्तावेज और पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर शनिवार को हल्द्वानी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान तिकोनिया चौराहे पर काठगोदाम की ओर से आ रही हुंडई कार संख्या UP25CS 9327 को पुलिस ने रोका। कार पर लाल-नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगा था।
पूछताछ में चालक ने खुद को आईबी अधिकारी बताते हुए आईडी कार्ड दिखाया। उसने अपना नाम मो. मोहासिब खान (24) पुत्र मो. अयूब खान, निवासी रामपुर, उत्तर प्रदेश बताया। पुलिस ने जब उसकी नियुक्ति और पद से संबंधित जानकारी मांगी तो वह सकपका गया और संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
संदेह होने पर पुलिस ने कार की तलाशी ली। डैशबोर्ड से फर्जी आईबी आईडी कार्ड, इंटेलिजेंस ब्यूरो से संबंधित फर्जी दस्तावेज और पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन बरामद हुई। इसके अलावा कार पर लगी नीली बत्ती और भारत सरकार का बोर्ड भी पुलिस ने कब्जे में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रौब दिखाने के लिए एयरगन अपने साथ रखता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी फर्जी आईडी और दस्तावेजों के जरिये खुद को आईबी अधिकारी/जवान प्रदर्शित कर रहा था।
मामले में थाना हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 315/2026 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, प्रभारी चौकी भोटियापड़ाव, कांस्टेबल मो. अजहर और कांस्टेबल सुनील टम्टा शामिल रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page