भवाली। कैंची धाम के स्थापना दिवस को लेकर प्रशासन और पुलिस ने यातायात व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल श्री कैंची धाम के अध्यक्ष धीरज तिवारी ने बताया कि भवाली से कैंची धाम तक सड़क किनारे संचालित सभी व्यावसायिक गतिविधियों व भण्डारे नही लगाए जायेंगे। जिलाधिकारी ने कोतवाली पुलिस से भवाली से कैंची तक सभी व्यवसाय करने वालो को सहयोग करने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस के दौरान सड़क किनारे किसी भी प्रकार के भंडारे की अनुमति नहीं होगी, ताकि एक स्थान पर अधिक भीड़ एकत्र न हो और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। साथ ही श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से प्लास्टिक की बोतलों तथा डिस्पोजेबल सामग्री का कम से कम उपयोग करने की अपील की गई है। यदि कोई व्यक्ति अपने घर या परिसर में प्रसाद अथवा अन्य सामग्री का वितरण करता है तो पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
धीरज तिवारी ने बताया कि 14 जून से कैंची धाम क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लागू रहेगा। स्थानीय व्यापारियों से भी अपील की गई है कि वे अत्यंत आवश्यक होने पर ही जीरो जोन क्षेत्र में आवागमन करें और प्रशासन का सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित करने के लिए जनसहयोग आवश्यक है। व्यापार मंडल ने स्थानीय लोगों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

