नैनीताल पुलिस की तत्परता से पर्यटक महिला को मिला खोया मंगलसूत्र, राजस्थान से आई महिला ने जताया आभार
नैनीताल। नैनीताल घूमने आई राजस्थान की पर्यटक महिला का खोया हुआ मंगलसूत्र नैनीताल पुलिस की तत्परता से वापस मिल गया। मंगलसूत्र मिलने के बाद महिला ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
राजस्थान के पाली निवासी डॉ. टीना राव अपने पति राजेश राव के साथ नैनीताल और मसूरी भ्रमण पर आई थीं। नैनीताल प्रवास के दौरान वह कैंची धाम दर्शन के लिए गईं। दर्शन के बाद होटल पहुंचने पर उन्हें पता चला कि उनका मंगलसूत्र कहीं गुम हो गया है। काफी तलाश करने के बाद भी जब मंगलसूत्र नहीं मिला तो उन्होंने इसकी सूचना अपने पति को दी, जिसके बाद कोतवाली मल्लीताल पुलिस से संपर्क किया गया।
सूचना मिलते ही कोतवाली मल्लीताल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खोजबीन शुरू की। प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल राजेंद्र सिंह रावत और कांस्टेबल शाहिद अली ने आवश्यक पूछताछ और प्रयासों के बाद गुम हुआ मंगलसूत्र बरामद कर डॉ. टीना राव को सुरक्षित सौंप दिया।
डॉ. टीना राव ने बताया कि उन्होंने मंगलसूत्र मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें भरोसा दिलाया कि हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान से दोबारा नैनीताल आकर तलाश करना उनके लिए मुश्किल था, ऐसे में पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता सराहनीय है।
उन्होंने उत्तराखंड पुलिस, मल्लीताल कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह रावत और कांस्टेबल शाहिद अली का धन्यवाद करते हुए कहा कि वह नैनीताल से सुखद यादें लेकर लौट रही हैं और पुलिस के इस सहयोग को हमेशा याद रखेंगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

