मार्च को पांच तहसीलों में होगी आपदा मॉक ड्रिल, तैयारियों के दिए निर्देश
हल्द्वानी/नैनीताल, 16 मार्च। जनपद में 17 मार्च को आयोजित होने वाली आपदा मॉक ड्रिल को सफल बनाने के लिए अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी परगना मजिस्ट्रेट, तहसील अधिकारियों और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि मॉक ड्रिल के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन, रिस्पॉन्स टाइम की जांच, जन-जागरूकता तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए, ताकि वास्तविक आपदा की स्थिति में प्रभावी और त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि जनपद की पांच तहसीलों में 17 मार्च को प्रातः 10:30 बजे से आपदा घटनाक्रम पर आधारित मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।
निर्धारित स्थानों के अनुसार तहसील कैंचीधाम में मंदिर परिसर, खनस्यू में ओसाड़ बैंड (ओखलकांडा और करायल के बीच), कालाढूंगी में रेंज कार्यालय के समीप वन क्षेत्र, हल्द्वानी में कल्सिया नाला क्षेत्र तथा नैनीताल में चार्टन लॉज क्षेत्र मल्लीताल और नैनी झील बोट हाउस के पास मॉक ड्रिल की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा पूर्वाभ्यास के दौरान सभी विभाग अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करते हुए समन्वय के साथ कार्य करें और अभियान को सफल बनाएं। साथ ही सभी तहसीलों में उपलब्ध सैटेलाइट फोन को क्रियाशील स्थिति में रखने के भी निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि परगना मजिस्ट्रेट एवं इंसिडेंट कमांडर द्वारा राहत और बचाव कार्यों से संबंधित सूचनाएं त्वरित रूप से उपलब्ध कराई जाएं। मॉक ड्रिल के समापन के बाद डी-ब्रीफिंग कर कमियों की समीक्षा कर उन्हें दूर किया जाएगा।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जनपद के समस्त परगना मजिस्ट्रेट, तहसीलदार, राजस्व, अग्निशमन, चिकित्सा, परिवहन, आपूर्ति, लोक निर्माण, विद्युत, संचार, पशुपालन, वन, पंचायत, होमगार्ड सहित आर्मी, आईटीबीपी, आईआरबी और सीआरपीएफ के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

