भवाली में अमृत सरोवर के सौंदर्यीकरण की मांग

ख़बर शेयर करें

रेलिंग और बैठने की व्यवस्था की उठी आवाज

भवाली। नगर के जल संस्थान परिसर में बने अमृत सरोवर के सौंदर्यीकरण को लेकर मांग उठने लगी है। पूर्व पालिका अध्यक्ष संजय वर्मा ने सरोवर के चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था और सौंदर्यीकरण कार्य कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह सरोवर नगरवासियों और बच्चों के आकर्षण का केंद्र बन चुका है, लेकिन वर्तमान में यहां जरूरी सुविधाओं का अभाव है।
पूर्व पालिका अध्यक्ष ने बताया कि अमृत सरोवर में रंग-बिरंगी हजारों मछलियां हैं, जिन्हें देखने और दाना डालने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे और स्थानीय लोग पहुंचते हैं। सरोवर का प्राकृतिक सौंदर्य लोगों को आकर्षित करता है, लेकिन इसके आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने से चिंता बनी रहती है।उन्होंने कहा कि सरोवर के चारों तरफ सुरक्षा रेलिंग लगाने के साथ ही लोगों के बैठने के लिए उचित स्थान और अन्य सुविधाएं विकसित की जानी चाहिए। खासकर बच्चों की आवाजाही को देखते हुए रेलिंग लगाना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।संजय वर्मा ने कहा कि अमृत सरोवर को एक सुंदर पर्यटन और जन उपयोगी स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है। यदि यहां आकर्षक लाइटिंग, बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई और सुरक्षा इंतजाम किए जाएं तो यह स्थान नगर की सुंदरता को और बढ़ाने के साथ स्थानीय लोगों व पर्यटकों के लिए बेहतर आकर्षण का केंद्र बन सकता है। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सरोवर के सौंदर्यीकरण और सुरक्षा कार्य शुरू करने की मांग की है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page